आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आरआईटी मोड़ पर रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बीच सड़क पर एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। व्यस्त इलाके में हुई इस घटना से लोगों में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरआईटी मोड़ के समीप दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने धारदार हथियार निकालकर दूसरे युवक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमलावर ने घायल युवक का बीच सड़क पर पीछा करते हुए लगातार हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। घटना के दौरान घायल युवक के साथ मौजूद एक छोटा बच्चा सुरक्षित बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने घायल युवक को तत्काल आदित्यपुर स्थित गंगोत्री अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच), जमशेदपुर रेफर कर दिया।
आरआईटी मोड़ जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। लोगों ने हमलावर की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की है।

