Breaking
Sun. Nov 1st, 2026

गोलमुरी मार्केट की पान दुकान में सेंध, नकदी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी

जमशेदपुर: गोलमुरी मार्केट स्थित हरकिशन पान दुकान में रविवार देर रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान से नकदी के साथ सिगरेट और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद दुकानदार ने गोलमुरी थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

दुकान संचालक उमेश कुमार ने बताया कि वह रविवार रात करीब साढ़े दस बजे रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह दूध सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और दुकान के अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद, पर्स तथा अन्य जरूरी सामान गायब थे।

उमेश कुमार के अनुसार चोर दुकान में रखी करीब 40 से 50 हजार रुपये मूल्य की सिगरेट और अन्य सामान भी अपने साथ ले गए। इस चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Post