जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के रोड नंबर-10 स्थित एक बंद पड़े मकान में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने मकान के पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मकान टाटा मोटर्स के कर्मचारी अमर कुमार सिंह का है। शुक्रवार रात वह अपनी नाइट शिफ्ट की ड्यूटी पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर थीं। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पीछे के दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद बदमाश घर के भीतर घुसे और अलमारी में रखे कीमती जेवरात व नकदी समेटकर फरार हो गए।
शनिवार सुबह ड्यूटी से लौटने पर अमर कुमार सिंह ने घर का सामान बिखरा देखा। अलमारी खुली होने और सामान गायब मिलने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल टेल्को थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में सक्रिय चोरी गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

