Breaking
Sat. Jul 18th, 2026

जादूगोड़ा में फोटो वॉक का आयोजन, आधुनिक कैमरा तकनीक से रूबरू हुए ग्रामीण क्षेत्र के फोटोग्राफर

जमशेदपुर: ग्रामीण क्षेत्रों के फोटोग्राफरों को नई तकनीक और आधुनिक फोटोग्राफी उपकरणों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा स्थित रंकनी मंदिर परिसर के समीप एक दिवसीय फोटो वॉक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर और निकॉन इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें जमशेदपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में फोटोग्राफरों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को फोटोग्राफी के क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों, आधुनिक कैमरों और नवीनतम लेंसों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। कार्यशाला के दौरान देश के प्रसिद्ध फोटोग्राफी विशेषज्ञ जय कुमार ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में फोटोग्राफरों को प्रैक्टिकल डेमो के माध्यम से कैमरे के बेहतर उपयोग, लाइटिंग, फ्रेमिंग और विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्राकृतिक वातावरण में बेहतर तस्वीरें लेने के प्रभावी तरीके भी साझा किए।

फोटो वॉक में फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष आनंद सिंह, महासचिव दलजीत सिंह, सह अध्यक्ष कमलेश, सह सचिव बलराम सरदार, कार्यकारी सदस्य हरिनारायण तथा पूर्व महासचिव अभिमन्यु सहित 50 से अधिक फोटोग्राफरों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने प्राकृतिक सौंदर्य के बीच फोटोग्राफी का अभ्यास करते हुए नई तकनीकों को व्यवहारिक रूप से सीखा।

कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के महासचिव दलजीत सिंह ने कहा कि संस्था भविष्य में भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के फोटोग्राफरों के कौशल विकास के लिए इस प्रकार की तकनीकी कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। उन्होंने बताया कि निकॉन इंडिया जैसी अग्रणी कंपनियों के सहयोग से फोटोग्राफरों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

Related Post