खरसावां। सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड अंतर्गत जुगीडीह गांव के ग्रामीणों एवं पटकार समाज के लोगों ने खूँटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुण्डा को ज्ञापन सौंपकर पटकार/चित्रकार/पटिकार/परकार/चीतरकार/पटेकार/परिकर उपजातियों को झारखंड की जाति सूची में शामिल करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि जुगीडीह, पोस्ट- गोपीडीह, थाना- कुचाई, जिला- सरायकेला-खरसावां के निवासी पीढ़ियों से यहां रह रहे हैं तथा इसका उल्लेख पुराने सर्वे खतियान में भी है। खतियान में पटकार, चित्रकार, पटिकार, परकार, चीतरकार, पटेकार और परिकर जातियों का उल्लेख होने के बावजूद झारखंड की जाति सूची में इनका नाम शामिल नहीं है। इसके कारण समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पश्चिम बंगाल में चित्रकार जाति को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) में शामिल किया गया है। वहीं ओडिशा में चित्रकार को OBC तथा पटिकार को अनुसूचित जाति (SC) की श्रेणी में रखा गया है।
पटकार समाज ने सांसद कालीचरण मुण्डा से मांग की है कि पटकार, चित्रकार, पटिकार, परकार, चीतरकार, पटेकार और परिकर जातियों को झारखंड की जाति सूची में शामिल कराने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए, ताकि समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके। ज्ञापन के साथ समाज की ओर से सामूहिक हस्ताक्षर भी किए गए।

