Breaking
Fri. Jul 17th, 2026

गुमला में घरेलू विवाद ने लिया खूनी मोड़, बड़े भाई ने टांगी से छोटे भाई की कर दी हत्या

गुमला। जिले के घाघरा प्रखंड मुख्यालय स्थित महदनिया टोला में पारिवारिक विवाद ने शुक्रवार को खूनी रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के दौरान बड़े भाई ने टांगी से हमला कर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय तिवारी उरांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना की शुरुआत बड़े भाई सुरेंद्र उरांव और उसकी पत्नी के बीच हुए विवाद से हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान सुरेंद्र उरांव ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और गुस्से में रसोईघर का गैस पाइप भी खोल दिया, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पुत्री अनीशा ने बताया कि शोर-शराबा सुनकर उनके पिता तिवारी उरांव दोनों के बीच विवाद शांत कराने पहुंचे। इसी दौरान सुरेंद्र उरांव ने टांगी से उनके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल तिवारी उरांव को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घाघरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया। वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने रिम्स भेज दिया, लेकिन रिम्स ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Related Post