Breaking
Thu. Jul 16th, 2026

सिंहभूम चैम्बर और टाटा स्टील का सुरक्षा व ब्रांड संरक्षण पर संवाद, नकली उत्पादों से सतर्क रहने की अपील

जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने बुधवार को चैम्बर भवन में टाटा स्टील के सहयोग से “सुरक्षा एवं ब्रांड संरक्षण” विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में शहर के उद्योगपतियों, व्यवसायियों और उद्यमियों को औद्योगिक सुरक्षा, फायर सेफ्टी और ब्रांड संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।

चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि उपभोक्ताओं को हमेशा अधिकृत विक्रेताओं से ही ब्रांडेड उत्पाद खरीदने चाहिए। यदि बाजार में किसी नकली उत्पाद की जानकारी मिले तो इसकी शिकायत संबंधित विभाग में करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल पुलिस चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए।

टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (SHS) राजीव मंगल ने कहा कि कंपनी सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से सरकारी सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी किसी कर्मचारी के जीवन के साथ-साथ पूरे प्रतिष्ठान की प्रतिष्ठा और आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर सकती है।

चीफ सेफ्टी नीरज कुमार सिन्हा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि फायर सेफ्टी पर किया गया खर्च नुकसान की तुलना में बेहद कम होता है। उन्होंने हाल की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि कई प्रतिष्ठानों में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

चीफ सिक्योरिटी एवं ब्रांड प्रोटेक्शन जितेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि कार में पीछे बैठे यात्रियों को भी सीट बेल्ट पहननी चाहिए, क्योंकि दुर्घटनाओं में उनकी सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि टाटा स्टील ने पिछले दो वर्षों में नकली उत्पादों और ब्रांड के दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 85 लाख रुपये की रिकवरी की है। उन्होंने व्यवसायियों से अपने ब्रांड की नियमित निगरानी करने और केवल अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से बिक्री सुनिश्चित करने की अपील की।

एरिया मैनेजर ब्रांड प्रोटेक्शन ध्रुवज्योति साहा ने बताया कि किस तरह कुछ लोग प्रतिष्ठित ब्रांड के नाम और ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर नकली उत्पाद बाजार में बेचते हैं और ऐसे मामलों में टाटा स्टील द्वारा की गई कानूनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें व्यवसायियों ने सुरक्षा और ब्रांड संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। कार्यक्रम का संचालन चैम्बर के महासचिव पुनीत कांवटिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष (कर एवं वित्त) राजीव अग्रवाल ने दिया। कार्यक्रम में चैम्बर के पदाधिकारी, विभिन्न उद्योगों एवं कंपनियों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Post