Breaking
Wed. Jul 15th, 2026

एफटीएस जमशेदपुर चैप्टर ने 2026-27 का विज़न रखा सामने, सदस्य सहभागिता और सेवा गतिविधियों पर रहेगा विशेष फोकस

जमशेदपुर: फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस) के जमशेदपुर चैप्टर की मासिक बैठक बुधवार को तुलसी भवन में अध्यक्ष राजेश मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सत्र 2026-27 के विज़न, कार्ययोजना और विभिन्न सेवा गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही नए सचिव और कोषाध्यक्ष का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया गया।

बैठक की शुरुआत कार्यकारी अध्यक्ष सुनील बागरोड़िया ने की। उन्होंने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए सीए संजय गोयल को सचिव और सीए मनीष मूनका को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपस्थित सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सचिव संजय गोयल ने आगामी सत्र के लिए चैप्टर का विज़न और कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सदस्य सहभागिता बढ़ाने, नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने, नवीन निधि संग्रहण के माध्यम विकसित करने तथा घाटशिला आंचल के एकल विद्यालयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने जमशेदपुर चेप्टर को इस वर्ष सर्वश्रेष्ठ चेप्टर बनाने का संकल्प भी दोहराया।

कमल गुप्ता ने वन यात्रा और चिकित्सा शिविरों की प्रस्तावित कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि वर्षभर कई वन यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इन यात्राओं में वर्तमान सदस्यों के साथ संभावित नए सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर आयोजित कर सेवा कार्यों को गति दी जाएगी।

ममता बकरेवाल ने सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और प्रिंट मीडिया में चैप्टर की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने की रणनीति प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि प्रभावी प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी और एकल विद्यालय अभियान से जोड़ा जाएगा।

अखिश दुबे ने चेप्टर, आंचल और सांच के बीच बेहतर समन्वय की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि नियमित संवाद और प्रभावी निगरानी के जरिए घाटशिला आंचल के एकल विद्यालयों के संचालन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

कोषाध्यक्ष मनीष मूनका ने सदस्यता शुल्क और संक्रांति निधि संग्रहण से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए सभी सदस्यों से समय पर शुल्क और निधि जमा कराने का आग्रह किया, ताकि संगठन की सेवा गतिविधियों का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।

बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, दानदाता सम्मान, ओटीएस संकल्प दान अभियान, नवीन निधि संग्रहण, सदस्यता अभियान और कार्यकारिणी की सक्रिय भागीदारी सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने प्रस्तुत विज़न और कार्ययोजना की सराहना करते हुए इसके सफल क्रियान्वयन के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक के अंत में मनीष मूनका ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया और आगामी कार्यक्रमों में भी इसी उत्साह के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की।

Related Post