Breaking
Wed. Jul 15th, 2026

डीसी राजीव रंजन के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर ठगी की कोशिश, जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने बुधवार को आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए स्पष्ट किया है कि “डीसी राजीव रंजन” नाम से संचालित फेसबुक आईडी पूरी तरह फर्जी है और उससे आने वाले किसी भी फ्रेंड रिक्वेस्ट या संदेश पर भरोसा न करें।

प्रशासन के अनुसार, फर्जी प्रोफाइल के जरिए लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है तथा विभिन्न प्रकार के संदेश भी भेजे जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उपायुक्त किसी भी निजी फेसबुक अकाउंट से आम लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट नहीं भेजते और न ही किसी से पैसे, बैंक खाते की जानकारी या अन्य व्यक्तिगत विवरण मांगते हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उक्त फर्जी आईडी से कोई फ्रेंड रिक्वेस्ट, मैसेज या अन्य संदिग्ध अनुरोध प्राप्त हो तो उसे तुरंत नजरअंदाज करें और संबंधित फेसबुक प्रोफाइल की रिपोर्ट करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी या अपराध की आशंका हो तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा साइबर थाना को दें।

जिला प्रशासन ने बताया कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग करते समय पूरी सतर्कता बरतने, किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल के झांसे में नहीं आने और अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की गई है।

Related Post