चक्रधरपुर: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर एक स्टेशन मास्टर के साथ आरपीएफ कर्मियों द्वारा कथित रूप से मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने की घटना की ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने कड़ी निंदा की है। यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में चांद मोहम्मद ने कहा कि आगरा कैंट स्टेशन पर हुई यह घटना केवल एक स्टेशन मास्टर के साथ हुई बदसलूकी का मामला नहीं है, बल्कि पूरे भारतीय रेलवे के कर्मचारियों के सम्मान, स्वाभिमान और कार्यस्थल की गरिमा से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यदि अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे किसी रेल कर्मचारी के साथ सार्वजनिक रूप से इस प्रकार का व्यवहार किया जाता है, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से रेलवे कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है और रेलवे में बेहतर कार्य संस्कृति तथा आपसी समन्वय पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। रेलवे जैसे अनुशासित संगठन में सभी विभागों के कर्मचारियों के बीच सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखना आवश्यक है।
ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि आगरा कैंट स्टेशन की घटना की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। यदि जांच में आरपीएफ कर्मियों की गलती सामने आती है तो उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाए।
चांद मोहम्मद ने कहा कि रेलवे प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में किसी भी रेल कर्मचारी के साथ इस प्रकार की घटना दोबारा न हो। इसके लिए सभी विभागों के बीच आपसी सम्मान, समन्वय और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करना रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई से कर्मचारियों का विश्वास बना रहेगा और रेलवे की कार्य संस्कृति भी मजबूत होगी।

