चाईबासा: नगर परिषद चाईबासा की मासिक बोर्ड बैठक बुधवार को नगर परिषद सभागार में अध्यक्ष नितिन प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सभी वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े लिखित प्रस्ताव प्रस्तुत किए। साथ ही पूर्व में दिए गए प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए कार्यवाही प्रतिवेदन की पुष्टि की गई।
बैठक में झींकपानी स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान प्लांट का संचालन कर रही एजेंसी के भुगतान से संबंधित समस्या का समाधान हो जाने की जानकारी दी गई।
शहरी क्षेत्र में इलेक्ट्रिक एवं बैटरी चालित वाहनों के संचालन और निबंधन पर भी चर्चा हुई। बोर्ड ने सर्वसम्मति से शहर में टोटो के नियमित परिचालन के लिए उनके निबंधन की व्यवस्था को मंजूरी दे दी।
बैठक में शहर के प्रमुख स्थलों के विकास पर भी विचार-विमर्श किया गया। मंगलाहाट, कचहरी तालाब और सिंघाड़ा गली के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव पर चर्चा के बाद बोर्ड ने इस पर सहमति प्रदान की।
नगर विकास एवं आवास विभाग की हाई लेवल मॉनिटरिंग कमेटी के तहत नगर परिषद के लिए आवश्यक वाहनों और मशीनों की खरीद के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इनमें जेसीबी (छोटी और बड़ी), ट्रक माउंटेड स्काई लिफ्टर, ड्रेनेज सक्शन मशीन, ट्रैक्टर, मिनी हॉपर टीपर, थर्मल फॉगिंग मशीन, स्किड लोडर, ट्रॉली और ई-रिक्शा शामिल हैं।
बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की आय-व्यय विवरणी तथा नगर परिषद के पास उपलब्ध राशि की जानकारी बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत की।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी चाईबासा और अंचलाधिकारी चाईबासा ने वर्तमान में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों के बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने का अनुरोध किया।
बैठक के अंत में उपाध्यक्ष ने धन्यवाद ज्ञापन दिया, जिसके बाद मासिक बोर्ड बैठक का समापन किया गया। बैठक में नगर विकास, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, शहर के सौंदर्यीकरण तथा मतदाता पुनरीक्षण अभियान से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

