जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को विधायक पूर्णिमा दास साहू ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र प्रसाद के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, विकास योजनाओं की प्रगति तथा कुष्ठ आश्रम में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विधायक ने अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया कि विधानसभा क्षेत्र के कई मोहल्लों में लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। इसके कारण शाम और रात के समय लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ सुरक्षा संबंधी चिंताओं का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए पूछा कि पिछले करीब एक वर्ष से स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव और मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया क्यों लंबित है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा पहले भी कई बार उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
विधायक पूर्णिमा दास साहू ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नई लाइटें लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि लोगों को बेहतर रोशनी की सुविधा मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्रवासियों को बुनियादी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में नियमित सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
इस दौरान विधायक ने पूर्वी विधानसभा क्षेत्र स्थित अत्यंत पिछड़ा वर्ग के कुष्ठ आश्रम की समस्याओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि आश्रम में अब तक पानी और बिजली की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से वहां रहने वाले लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राथमिकता के आधार पर आश्रम में बिजली और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही आश्रम को निःशुल्क विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
बैठक के अंत में जेएनएसी के अधिकारियों ने विधायक को भरोसा दिलाया कि समीक्षा बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

