जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के जयपाल कॉलोनी में बालिगुमा पानी टंकी तक राइजिंग पाइपलाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से मजदूर चेतन यादव की मौत के मामले में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और भाजपा नेता विकास सिंह ने घटना को गंभीर लापरवाही का परिणाम बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जारी संयुक्त बयान में दोनों नेताओं ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य बिना पर्याप्त तकनीकी अध्ययन और आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किए कराया गया। उनका आरोप है कि कार्य के दौरान बिजली विभाग से समुचित समन्वय और अनुमति नहीं ली गई, जिसके कारण यह दुखद हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह तय किया जाए कि दुर्घटना के लिए कौन-कौन जिम्मेदार हैं और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
सरयू राय और विकास सिंह ने कहा कि चेतन यादव गिरिडीह से रोजी-रोटी कमाने के लिए जमशेदपुर आए थे, लेकिन कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी। उनका कहना है कि किसी भी विकास कार्य में मजदूरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि मृतक के आश्रितों को सरकार, संवेदक (ठेकेदार) और संबंधित एजेंसियों की ओर से उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही, जांच में जिन अधिकारियों या अन्य संबंधित लोगों की लापरवाही सामने आए, उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

