Breaking
Sun. Jul 12th, 2026

मानगो में आधी रात चोरों का धावा, कई दुकानों के ताले तोड़कर नकदी पर किया हाथ साफ

जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित राजस्थान भवन के समीप शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने कई दुकानों को निशाना बनाकर इलाके के व्यापारियों में दहशत फैला दी। चोरों ने एक के बाद एक कई दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, करीब पांच दुकानों में चोरी या चोरी का प्रयास किया गया, जबकि कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि आसपास 10 से 12 दुकानों के ताले भी क्षतिग्रस्त किए गए हैं। एक दुकान से करीब 27 हजार रुपये नकद चोरी होने की पुष्टि हुई है।

बताया गया कि देर रात बदमाशों ने सुनसान का फायदा उठाकर किराना एवं अन्य दुकानों के ताले तोड़े। कई दुकानों का सेंट्रल लॉक नहीं खुलने के कारण चोर अंदर प्रवेश नहीं कर सके, लेकिन उनके ताले तोड़ने के निशान स्पष्ट मिले हैं। जिन दुकानों में चोर घुसे, वहां गल्ले में रखी नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में रोष और असुरक्षा का माहौल है। दुकानदारों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर कड़ी निगरानी रखने और चोरी की वारदात में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से कारोबार प्रभावित हो रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

Related Post