Breaking
Fri. Jul 10th, 2026

शादी समारोह से लौटने के बाद दोस्त की पीट-पीटकर हत्या, चार गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा बांध टोला में युवक रोहित मुंडा की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडे भी बरामद किए हैं।

शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सुजल लोहार, हरिपदो मछुआ, समीर मुंडा और रवि यादव शामिल हैं। सभी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है, जबकि घटना में शामिल नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 8 और 9 जुलाई की मध्यरात्रि सोपोडेरा स्थित मिलाप भवन में आयोजित एक शादी समारोह में रोहित मुंडा अपने दोस्तों के साथ शामिल हुआ था। समारोह समाप्त होने के बाद रोहित नशे की हालत में गलती से अपने दोस्त हरिपदो मछुआ की मोटरसाइकिल लेकर सीधे अपने घर सरजमदा पहुंच गया।

जब अन्य दोस्तों को पार्किंग में बाइक नहीं मिली तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान पता चला कि रोहित बाइक लेकर अपने घर चला गया है। इसके बाद सभी दोस्त उसके घर पहुंचे, जहां घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल देखकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया।

देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपियों ने रोहित पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित किसी तरह अपने कमरे में चला गया, लेकिन अगले दिन सुबह उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के माता-पिता पुतुल कालिंदी और शंकर कालिंदी ने परसुडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या संबंधी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सरजमदा और चांदनी चौक इलाके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान समीर मुंडा और सुजल लोहार की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Post