चाईबासा: आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शुक्रवार को चाईबासा स्थित पुराने उपायुक्त कार्यालय के समीप संपूर्ण क्रांति का आह्वान के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य संयोजक रेयांश सामड ने किया। धरने में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सामाजिक कार्यकर्ता, बेरोजगार युवक-युवतियां, किसान, मजदूर और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
धरना के दौरान जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम के माध्यम से राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को एक संयुक्त मांगपत्र भेजा गया। मांगपत्र में आरोप लगाया गया कि राज्य में मुख्यमंत्री सहित बड़ी संख्या में आदिवासी विधायक और सांसद होने के बावजूद आदिवासी समाज की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इसमें जल, जंगल और जमीन पर बढ़ते संकट, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली तथा संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन का उल्लेख किया गया।
मांगपत्र में CNT/SPT एक्ट के उल्लंघन पर रोक लगाने, वन अधिकार अधिनियम (FRA) का पालन सुनिश्चित करने, आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जे हटाने और गैरकानूनी भूमि हस्तांतरण रोकने की मांग की गई। साथ ही युवाओं के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने, लंबित सरकारी भर्तियां पूरी करने और आरक्षण का पूर्ण लाभ देने की मांग उठाई गई।
किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी का सख्त पालन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ तथा शोषण पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
मांगपत्र में आंदोलनकारियों पर दर्ज मामलों की वापसी, लाठीचार्ज पीड़ितों को मुआवजा, शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार की सुरक्षा, सदर अस्पताल चाईबासा सहित स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने, पांचवीं अनुसूची का प्रभावी क्रियान्वयन तथा परिसीमन (डेलिमिटेशन) के दौरान आदिवासी प्रतिनिधित्व सुरक्षित रखने की मांग भी शामिल है।
धरना को संबोधित करते हुए रेयांश सामड ने कहा कि आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने राज्यपाल से उच्चस्तरीय समिति गठित कर मामलों की जांच कराने तथा प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय देने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में माधव चंद्र कुंकल, सुरेश चंद्र सोय, रविन्द्र आल्डा, सुशीला बोदरा, सुष्मिता बारी, ऊषा रानी सवैया, सुमी सिंकू, तुरी सुंडी, हरीश आल्दा, सुभाष चंद्र सिंकू, बीर सिंह बालमुचू, नितिन जामूदा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

