Breaking
Mon. Sep 28th, 2026

*लुपुंगगुटू में घर के आंगन तक पहुंचा स्पेक्टिकल कोबरा, सिद्धार्थ होनहागा ने किया सुरक्षित रेस्क्यू*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा प्रखंड अंतर्गत लुपुंगगुटू में बारिश के मौसम के बीच एक स्पेक्टिकल कोबरा (नाग सांप) जंगल से भटककर आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। सांप के घर के आंगन में पहुंचने से आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सह समाजसेवी सिद्धार्थ होनहागा मौके पर पहुंचे और आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।

रेस्क्यू के बाद सांप को जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि बारिश के मौसम में कई बार सांप अपने प्राकृतिक आवास से भटककर घरों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। सांप भी प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें मारने के बजाय सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ना चाहिए।

उन्होंने बताया कि यह उनका दूसरा सफल सांप रेस्क्यू अभियान है। इससे पहले एक अजगर सांप का भी सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंपा गया था।

सिद्धार्थ होनहागा ने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर उसे छेड़ने या हाथ से पकड़ने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि सांप के काटने की स्थिति में समय बर्बाद किए बिना सीधे जिला अस्पताल पहुंचने का प्रयास करना चाहिए और ओझा-गुनी के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए।

उन्होंने सांपों से बचाव के लिए रात में मच्छरदानी लगाकर सोने, अंधेरे में टॉर्च का इस्तेमाल करने तथा खेत या जंगल की ओर जाते समय जूते-चप्पल पहनने और सावधानी के लिए लाठी साथ रखने की सलाह दी।

Related Post