जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों को बड़ी राहत देते हुए जून माह की सम्मान राशि और पेंशन का भुगतान डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से कर दिया है। प्रशासन ने बताया कि सभी योजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि पात्र लोगों को समय पर आर्थिक सहायता मिलती रहे।
झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जिले के 2,85,704 लाभुकों के बैंक खातों में जून माह तक की सम्मान राशि सफलतापूर्वक हस्तांतरित कर दी गई है।
वहीं, सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत जिले के 2,48,021 लाभुकों को भी जून माह तक की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। इनमें राज्य सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,76,299, आदिम जनजाति पेंशन योजना के 6,042, राज्य विधवा सम्मान पेंशन योजना के 46,607, इंटरनली डिस्प्लेस्ड पेंशन स्कीम के 819, स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 18,247 तथा थर्ड जेंडर पेंशन योजना के 7 लाभुक शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने कहा कि सभी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि पात्र लाभुकों तक समय पर योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

