Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

सिंहभूम चैंबर और फिक्की की पहल, शारजाह सरकार के अधिकारियों संग उद्यमियों की बी2बी बैठक; वैश्विक व्यापार के अवसरों पर मंथन

जमशेदपुर। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के सहयोग से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की शारजाह सरकार के शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री (SAIF) ज़ोन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उद्यमियों की विशेष वन-टू-वन (B2B) बिजनेस मीटिंग का आयोजन 9 एवं 10 जुलाई 2026 को होटल विवांता, गोलमुरी में किया। बैठक का उद्देश्य कोल्हान क्षेत्र के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय निवेश और व्यापार विस्तार के अवसरों से जोड़ना था।

शारजाह सरकार के प्रतिनिधिमंडल में अली अल मुतावा और शोएब इब्राहिम खतीब शामिल थे, जबकि फिक्की की ओर से सेजल सिंह उपस्थित रहीं। सिंहभूम चैंबर की ओर से अध्यक्ष मानव केड़िया, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगासिया, उपाध्यक्ष (व्यापार एवं वाणिज्य) अनिल मोदी, उपाध्यक्ष (कराधान एवं वित्त) राजीव अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य पंकज पटेल, कमल लाढ़ा और बजरंग अग्रवाल मौजूद रहे।

बैठक के दौरान एसएआईएफ ज़ोन के अधिकारियों ने बताया कि उनका संगठन पिछले 30 वर्षों से सफलतापूर्वक कार्य कर रहा है और यह उनका जमशेदपुर का पांचवां दौरा है। उन्होंने बताया कि एसएआईएफ ज़ोन में वर्तमान में लगभग 8,500 कंपनियां संचालित हैं, जिनमें करीब 60 प्रतिशत भारतीय कंपनियां हैं। यहां विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना और उद्योग-अनुकूल नीतियां उपलब्ध हैं।

अधिकारियों ने भारतीय उद्यमियों को शारजाह में उद्योग और व्यापार स्थापित करने के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वहां औद्योगिक भूखंड, आधुनिक वेयरहाउस, आधारभूत सुविधाएं, श्रमिक आवास, शून्य कस्टम ड्यूटी, शून्य कर, रेजिडेंट वीजा, स्थानीय बैंक खाता खोलने की सुविधा तथा मात्र 60 मिनट में कंपनी पंजीकरण जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो भारतीय निवेशकों के लिए बेहद आकर्षक हैं।

सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केड़िया ने कहा कि इस तरह के आयोजन कोल्हान क्षेत्र के उद्यमियों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शारजाह सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों और सुविधाओं का लाभ उठाकर क्षेत्र के उद्यमी मध्य-पूर्व में अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री ज़ोन के अधिकारियों के साथ वन-टू-वन बी2बी बैठकें 9 जुलाई से शुरू होकर 10 जुलाई की दोपहर तक जारी रहेंगी, जिससे उद्यमियों को निवेश और व्यापार विस्तार की संभावनाओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने फिक्की और शारजाह सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक संवाद स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चैंबर ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Post