जमशेदपुर: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 30वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से एनएच-33 स्थित डॉल्फिन क्लब एंड रिसॉर्ट में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पूरे आयोजन में संगठन की मजबूती, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के संकल्प को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 30 पाउंड का केक काटकर पार्टी की तीन दशक की राजनीतिक यात्रा का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम स्थल को राजद के झंडों, बैनरों और पोस्टरों से सजाया गया था। इसके साथ ही जमशेदपुर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर भी स्थापना दिवस के बैनर एवं झंडे लगाए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की रक्षा के उद्देश्य से हुई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पिछले 30 वर्षों में गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से उठाया है और आगे भी इसी विचारधारा के साथ कार्य करती रहेगी।
जिला अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का जनआंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
समारोह की एक प्रमुख उपलब्धि यह रही कि मानगो, जुगसलाई और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ग्रहण की। जिला अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी ने सभी नए सदस्यों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और विश्वास जताया कि युवाओं की भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जनार्दन कुमार, नसीम अंसारी, राजेश यादव, सलीम, जावेद, कनहैया यादव, परवेज अहमद, तनवीर अहमद, स्वपन दे, बिरेंद्र बर्मा, ब्रह्मदेव मंडल, तौसीक अहमद, अविनाश ठाकुर, नवीन कुमार, बिरेंद्र सिंह, बैजनाथ पंडित सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने संगठन के विस्तार, झारखंड में पार्टी को और मजबूत बनाने तथा सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

