आदित्यपुर: बागबेड़ा के गाराबासा स्थित श्री श्री शीतला माता मंदिर में सोमवार, 6 जुलाई को मंदिर स्थापना के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चतुर्थ वार्षिक उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजन, रुद्राभिषेक, सुंदरकांड पाठ एवं महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर माता शीतला का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
मंदिर समिति के अनुसार, प्रातः 8 बजे से विधि-विधान के साथ मां शीतला का विशेष पूजन प्रारंभ होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक किया जाएगा। पूर्वाह्न 11 बजे से सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा, जिसके समापन पर आरती एवं मंगल प्रार्थना की जाएगी।
संध्या 6 बजे से महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मंदिर समिति ने बताया कि स्थापना दिवस का यह वार्षिक उत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का भी प्रतीक है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे परिवार के साथ मंदिर पहुंचकर मां शीतला की पूजा-अर्चना करते हैं तथा सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना करते हैं।
समिति के सदस्य एवं स्थानीय श्रद्धालु कई दिनों से आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने तथा महाभंडारे का प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।
अधिक जानकारी के लिए श्रद्धालु मंदिर समिति के मोबाइल नंबर 9431523952 एवं 7004744833 पर संपर्क कर सकते हैं।

