उत्तर प्रदेश (आगरा): आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, एक महिला ने अपने शराब के आदी पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और उसी दिन वहां पक्का फर्श बनवा दिया। करीब 45 दिन बाद पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाकर नीचे से कंकाल बरामद किया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा की 17 मई की रात कथित तौर पर उनकी पत्नी रूबी ने नींद की गोलियां देकर हत्या कर दी। पूछताछ में महिला ने बताया कि पति की मौत की पुष्टि होने के बाद उसने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
जांच में सामने आया कि अगले दिन सुबह महिला ने बच्चों और सास को किसी बहाने घर से बाहर भेज दिया। इसके बाद उसने बाथरूम का कच्चा फर्श खोदकर पति के शव को गड्ढे में दफना दिया। शव पर मिट्टी डालने के बाद उसने गिट्टी, मोरंग और सीमेंट मंगवाकर एक राजमिस्त्री से उसी दिन बाथरूम का पक्का फर्श बनवा दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि राजमिस्त्री और मजदूर को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि फर्श के नीचे शव दफन है, इसलिए पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
बताया जा रहा है कि हत्या के बाद करीब डेढ़ महीने तक महिला ने परिवार और रिश्तेदारों को अलग-अलग बहाने बनाकर गुमराह किया। किसी को भी घटना की भनक नहीं लगी। हालांकि पुलिस को संदेह होने पर महिला से करीब 14 घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान वह कई बार अपने बयान बदलती रही और अंततः उसकी निशानदेही पर शुक्रवार को बाथरूम का फर्श तोड़ा गया, जहां से कंकाल बरामद हुआ।
पुलिस ने महिला के मोबाइल की कॉल डिटेल और सर्च हिस्ट्री भी खंगाली। शुरुआती पूछताछ में महिला ने इंटरनेट पर शव छिपाने के तरीके खोजने की बात कही थी, लेकिन बाद में वह अपने बयान से मुकर गई। जांच में पुलिस को मोबाइल से ऐसा कोई सर्च रिकॉर्ड नहीं मिला और न ही किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के संकेत मिले।
बरामद कंकाल का डीएनए सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम भी किया है। पुलिस का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मौत के वास्तविक कारण की अंतिम पुष्टि होगी।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि अब तक की जांच में मृतक की पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

