चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी सारंडा मंडल ने बड़ाजामदा स्थित विद्यालयों के समीप संचालित सरकारी शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर मंडल अध्यक्ष महेंद्र महाकुड़ के नेतृत्व में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी चक्रधरपुर तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी सारंडा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि बड़ाजामदा में संचालित सरकारी शराब दुकान वेल्सन फ्यूचर एकेडमी स्कूल से लगभग 30 मीटर, मिडिल स्कूल से करीब 200 मीटर तथा हाई स्कूल से लगभग 150 मीटर की दूरी पर स्थित है। विद्यालयों के पास शराब दुकान होने के कारण वहां शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई, अनुशासन और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।
भाजपा सारंडा मंडल ने अपने ज्ञापन में कहा कि विद्यालय शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के केंद्र होते हैं। ऐसे स्थानों के निकट शराब दुकान का संचालन बच्चों के भविष्य के लिए उचित नहीं है। शराब की बढ़ती उपलब्धता से युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ने, अपराध और सामाजिक विकृतियों को बढ़ावा मिलने की आशंका बनी रहती है।
मंडल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लगभग 1700 छात्र-छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकारी शराब दुकान को तत्काल किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं के साथ लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने का नेतृत्व भाजपा सारंडा मंडल अध्यक्ष महेंद्र महाकुड़ ने किया। प्रेस विज्ञप्ति जिला भाजपा मीडिया प्रभारी पश्चिमी सिंहभूम जितेंद्र नाथ ओझा द्वारा जारी की गई।

