चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त प्रकोष्ठ में जिला बाल संरक्षण कार्यालय के अंतर्गत संचालित स्पॉन्सरशिप योजना की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत लाभान्वित बच्चों की अद्यतन स्थिति, अनुश्रवण और भौतिक सत्यापन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि योजना के तहत पूर्व से आच्छादित 412 बच्चों का अनुश्रवण एवं भौतिक सत्यापन कराया गया है। सत्यापन के बाद 373 पात्र बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की अनुशंसा की गई है।
बैठक में बाल कल्याण समिति द्वारा नव चयनित 128 बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने के प्रस्ताव की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी प्रशिक्षु उपसमाहर्ताओं को निर्देश दिया कि इन बच्चों का भौतिक सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कर सत्यापन प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र बच्चों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने कहा कि स्पॉन्सरशिप योजना का उद्देश्य देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता बरतने तथा सभी पात्र बच्चों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, उप निदेशक-सह-असिस्टेंट डायरेक्टर सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

