Breaking
Sat. Jul 4th, 2026

उन्नति का पहिया’ योजना से विद्यार्थियों का भविष्य होगा मजबूत : विधायक दशरथ गागराई

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड स्थित राजकीयकृत प्लस-2 उच्च विद्यालय, पुरुनियाँ में शनिवार को झारखंड सरकार की कक्षा-8 निःशुल्क साइकिल वितरण योजना ‘उन्नति का पहिया’ के तहत छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से दूर-दराज के गांवों से आने वाले छात्र-छात्राएं समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगे, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और वे बेहतर शिक्षा हासिल कर अपने सपनों को साकार कर सकेंगे।

खूंटपानी प्रखंड को कुल 992 साइकिल वितरण का लक्ष्य मिला है। पहले चरण में 436 छात्र-छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश देते हुए नशापान और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कम उम्र में किसी भी प्रकार की नशे की लत युवाओं के भविष्य को प्रभावित करती है, इसलिए सभी विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

जिला परिषद सदस्य जमुना तियू ने कहा कि साइकिल मिलने से छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल है और अब उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह योजना शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक साबित होगी।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक, विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडेया, बबलू गोडसोरा, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय उरांव, कल्याण पदाधिकारी बबलू माझी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुभाष हाईबुरु, साइकिल वितरण सहायक नितेश कुमार सिन्हा तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रभारी शिक्षक भी उपस्थित रहे।

Related Post