चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में शुक्रवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और प्रशासन व जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना था।
जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रमाण पत्र निर्गमन, अतिक्रमण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभ सहित विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निष्पादन किया गया। वहीं, जटिल और विभागीय स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता वाले मामलों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा करें, उनकी प्रगति पर नजर रखें और जिन मामलों में विभागीय समन्वय की आवश्यकता हो, उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनता की सेवा करना है और सभी अधिकारियों को इसी भावना के साथ कार्य करना चाहिए।

