जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित टीवीएस महावीर एंटरप्राइजेज शोरूम का ताला तोड़कर बदमाश अंदर घुसे और करीब 4.50 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, चोर पूरी तैयारी के साथ शोरूम में पहुंचे थे। नकदी लेकर भागने से पहले उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और फुटेज सुरक्षित रखने वाला डीवीआर (हार्ड डिस्क) भी अपने साथ ले गए, ताकि पुलिस को घटना से जुड़े कोई इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य न मिल सकें।
बुधवार सुबह जब शोरूम संचालक महाराज प्रसाद गुप्ता को चोरी की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल गालूडीह थाना प्रभारी अंकु कुमार को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
थाना के बेहद करीब स्थित प्रतिष्ठान में लाखों रुपये की चोरी होने की घटना ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस थाना के सामने स्थित प्रतिष्ठान ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

