Breaking
Tue. Sep 1st, 2026

सरायकेला में पुलिस की बड़ी छापेमारी, 157 पैकेट सिगरेट और नकदी बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला। सरायकेला थाना पुलिस ने अवैध सामग्री के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लहरी टोला में छापेमारी कर भारी मात्रा में सिगरेट, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने मौके से साजिद खान उर्फ मुन्ना खान को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि लहरी टोला में अवैध तरीके से प्रतिबंधित एवं अन्य सामग्री का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने साजिद खान के आवास पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की कुल 157 पैकेट सिगरेट बरामद हुई। इसके अलावा खाद्य तेल, नकदी तथा अन्य सामान भी पुलिस के हाथ लगे।

पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 18,600 रुपये है। तलाशी के दौरान 736 रुपये के सिक्के और आठ ऐसे सिक्के भी बरामद किए गए, जो देखने में चांदी के प्रतीत होते हैं। पुलिस ने बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामले में पुलिस ने साजिद खान के खिलाफ सरायकेला थाना कांड संख्या 75/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में सरायकेला थाना में मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए सक्रिय किया। पुलिस की ओर से करीब 24 घंटे के भीतर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सिगरेट और अन्य सामान की आपूर्ति कहां से की जा रही थी तथा इस कारोबार में आरोपी के साथ और कौन लोग जुड़े हैं।

छापेमारी टीम में विनय कुमार, सौम कुमार आहूजा, अरुण कुमार महतो, कली कुमार, राकेश कुमार, टाइगर मोबाइल के राजेश उरांव और अमित कुमार दास शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Post