Breaking
Tue. Oct 13th, 2026

मायके जाने के दौरान मोटरसाइकिल से गिरी महिला, इलाज के दौरान मौत

मेदिनीनगर। पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बेडमा बभंडी गांव के पास मोटरसाइकिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई 30 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के बेतला निवासी संजीदा बीबी के रूप में हुई है। वह जमील अंसारी की पत्नी थी। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर में इलाज के दौरान उसने अंतिम सांस ली।

मिली जानकारी के अनुसार, संजीदा बीबी नासिर अंसारी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने मायके जा रही थी। इसी दौरान मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बेडमा बभंडी गांव के समीप वह अचानक मोटरसाइकिल से गिर गई। हादसे में संजीदा को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उसे तत्काल मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि संजीदा का पति जमील अंसारी मजदूरी करने के लिए बाहर रहता है। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अस्पताल में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और उसे परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार के लोग शव लेकर अपने घर रवाना हो गए।

Related Post