Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

मतदाता सूची और दस्तावेजों की परेशानी लेकर विधायक के पास पहुंचे ग्रामीण, संजीव सरदार ने दिया समाधान का भरोसा

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मतदाता सूची में नाम को लेकर उत्पन्न हो रही परेशानियों, नोटिस मिलने तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में आ रही दिक्कतों की जानकारी विधायक को दी।

ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों को लेकर कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों को नोटिस मिलने के बाद यह चिंता सता रही है कि कहीं उनका नाम मतदाता सूची से नहीं हट जाए। ग्रामीणों ने प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान कराने की मांग की।

विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों से बातचीत की और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के कारण किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा किया जाना जरूरी है।

संजीव सरदार ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उससे निष्पक्ष तरीके से काम करने की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने से पहले सभी पात्र नागरिकों को अपनी बात रखने का उचित अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

विधायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे एसआईआर को लेकर गांवों में सक्रिय रहें और ग्रामीणों को प्रक्रिया की सही जानकारी दें। उन्होंने कहा कि नोटिस या दस्तावेजों से संबंधित परेशानी होने पर लोगों की मदद कर उनकी शिकायतें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव पहल की जाएगी।

Related Post