Breaking
Thu. Oct 1st, 2026

734 करोड़ के कथित फर्जी जीएसटी आईटीसी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, जमशेदपुर से कारोबारी और बेटा गिरफ्तार

जमशेदपुर। झारखंड में सामने आए 734 करोड़ रुपये के कथित फर्जी जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को जमशेदपुर समेत कोलकाता और देवघर में एक साथ छापेमारी की। जमशेदपुर में कार्रवाई के दौरान ईडी ने स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को देर रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को मेडिकल जांच के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया। चिकित्सकीय जांच पूरी होने के बाद ईडी की टीम पिता-पुत्र को अपने साथ रांची ले गई।

ईडी की टीम ने बिष्टुपुर इलाके में कारोबारी से जुड़े तीन ठिकानों पर तलाशी ली। होटल सोनेट के सामने स्थित ज्योति अपार्टमेंट में ज्ञानचंद जायसवाल के आवास-सह-कार्यालय की जांच की गई। इसके अलावा केएन रोड स्थित बीएस टावर के ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद कारोबारी के फ्लैट और उनके अकाउंटेंट संजय पारेख से जुड़े ठिकाने पर भी दस्तावेजों तथा अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की गई।

तलाशी अभियान के दौरान ईडी के 50 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी संबंधित ठिकानों पर सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई थी। टीम ने कारोबारी गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज, बैंकिंग लेन-देन, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य कागजात खंगाले। अधिकारियों ने इस दौरान संबंधित लोगों से पूछताछ भी की। इसी मामले के सिलसिले में कोलकाता के दो ठिकानों पर भी ईडी की टीम ने कार्रवाई की।

देर रात मेडिकल जांच के दौरान ज्ञानचंद जायसवाल और उनके बेटे ने हंगामा किया और खुद को मामले में फंसाए जाने का आरोप लगाया। ज्ञानचंद जायसवाल ने अपना ब्लड प्रेशर बढ़ा होने की बात कहते हुए दवा नहीं मिलने की शिकायत भी की।

बताया जा रहा है कि ईडी की कार्रवाई कथित तौर पर फर्जी कंपनियों, बिलों और अन्य कारोबारी माध्यमों का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल किए जाने से जुड़े मामले की जांच का हिस्सा है। एजेंसी गिरफ्तार पिता-पुत्र से पूछताछ के माध्यम से कथित वित्तीय लेन-देन, कंपनियों के नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाने में लगी है। हालांकि, मामले में ईडी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Related Post