Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

*14 अक्टूबर को देवेंद्र माझी का शहादत दिवस, तैयारी में जुटा झामुमो*

चाईबासा: जल, जंगल और जमीन आंदोलन के पुरोधा शहीद देवेंद्र माझी के शहादत दिवस पर 14 अक्टूबर को गोइलकेरा हाट मैदान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर झामुमो ने मंगलवार को सोनुवा और गोइलकेरा में प्रखंड कमेटी की बैठक की। बैठकों में मनोहरपुर विधायक जगत माझी शामिल हुए और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गोइलकेरा और सोनुवा के वन विश्रामागार में हुई बैठक में सबसे पहले 19 सितंबर को खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन की समीक्षा की गई। विधायक जगत माझी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इसके बाद 14 अक्टूबर को होने वाली श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

जगत माझी ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से श्रद्धांजलि सभा में अनुशासन के साथ शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में संभावित भीड़ को देखते हुए जिम्मेदार पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुबह 8 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएं। उन्होंने पुराने साथियों और बुजुर्गों को भी कार्यक्रम में शामिल कराने का प्रयास करने को कहा, जो शहीद देवेंद्र माझी के साथ आंदोलन में रहे हैं।

विधायक ने कहा कि शहादत दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं है, बल्कि देवेंद्र माझी के विचारों और उनके संघर्ष को याद करने का भी दिन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिसे जो जिम्मेदारी दी जाए, उसका पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने बताया कि श्रद्धांजलि सभा को लेकर आगे भी बैठकें आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और पंचायत अध्यक्षों ने भी कार्यक्रम को लेकर अपने सुझाव दिए। गोइलकेरा की बैठक में प्रखंड अध्यक्ष गणेश बोदरा, सचिव अघना कंडुलना, जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, मुखिया उदय चेरेवा, सुखमती बानरा और हरीश बोदरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

वहीं सोनुवा की बैठक में प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, डॉक्टर महतो, अजय किशोर दास, सोहन माझी, अमर सिंह चाकी, जानकी हेम्ब्रम, यदुपति प्रधान, संजय जामुदा, हरिनारायण दास, अमीन माझी, सुनील दास और रामप्रेस महतो सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post