Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

*सेवा संकल्प अभियान के स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, सैकड़ों लोगों ने कराई जांच*

चाईबासा: सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम में सेवा सेतु-सह-मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य की जांच कराई। जांच के साथ लोगों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य शिविर को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया।

आयोजकों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों के लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

अभियान के पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवा उपलब्ध कराना मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। ऐसे शिविरों से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत भी मिलती है।

सेवा सेतु जिला कार्यक्रम संयोजक पवन शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना इस बात को दर्शाता है कि ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों के लिए इस तरह के शिविर उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचें और आर्थिक परेशानी के कारण कोई जरूरतमंद व्यक्ति जांच या दवा से वंचित न रहे।

शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे लोगों ने भी इसे उपयोगी बताया। लोगों ने कहा कि निःशुल्क जांच के साथ आवश्यक दवाइयां मिलने से उन्हें काफी राहत मिली। लोगों ने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष संजय कुमार पांडे, सतीश पुरी, प्रताप कटियार, चंद्र मोहन तिऊ, जिला परिषद सदस्य राजश्री बानरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रंजन प्रसाद, राकेश पोद्दार, रविशंकर विश्वकर्मा, विप्लव सिंह, बिरजू रजक, जितेंद्र नाथ ओझा, रीना कर, डोली कर, रोहित दास, कामेश्वर विश्वकर्मा और अशोक महंती सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post