जमशेदपुर। गोलमुरी बाजार क्षेत्र में लगातार दो दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं के विरोध में शनिवार को गोलमुरी बाजार बंद रहा। बाजार समिति के शंकर अग्रवाल और सुभाष काले के आह्वान पर बड़ी संख्या में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
बताया गया कि 24 सितंबर को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इसके अगले दिन बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आई। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बाजार बंद के दौरान भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय के नेतृत्व में भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने व्यापारियों और दुकानदारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों की सुरक्षा संबंधी समस्याओं और क्षेत्र में पुलिस गश्त एवं निगरानी व्यवस्था को लेकर उनकी अपेक्षाएं जानीं।
व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित और प्रभावी पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी मजबूत करने और आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
दिनेश कुमार ने कहा कि गोलमुरी जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं व्यापारियों और आम लोगों के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ बाजार और आसपास के क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त, सीसीटीवी निगरानी तथा संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों का सुरक्षित वातावरण में व्यवसाय करना जरूरी है। बाजार बंद के माध्यम से व्यापारी अपनी सुरक्षा संबंधी चिंता प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की अपेक्षा जताई।
बाजार बंद के दौरान पप्पू उपाध्याय के साथ अप्पा राव, अमिश अग्रवाल, बंटी अग्रवाल, मंजीत सिंह गिल, सुरेंद्र सिंह शिंदे, लक्ष्मण बेहरा, भरत बेहरा, जशवंत सिंह, कमल गुप्ता, मोहमद फैयाज, मोहम्मद इकबाल, नौशाद खान, खातिब खान, सन्नी सिंह चौहान, संदीप आईच, श्रीनिवास राव, बलबीर सिंह बबलू, ऋषभ सिंह और रंजीत सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।

