Breaking
Mon. Sep 21st, 2026

सिमडेगा में सड़क लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपी पकड़े गए, बाइक और लूट में इस्तेमाल सामान बरामद

सिमडेगा। बानो थाना क्षेत्र में सड़क पर राहगीरों से हुई लूटपाट के मामले का सिमडेगा पुलिस ने तीन दिनों के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 17 वर्षीय किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल की लोहे की चेन और लोहे का हैंडपंच बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक 18 सितंबर को बानो थाना क्षेत्र के बड़ाईक टोली निवासी ताज हुसैन ने सड़क पर दो अलग-अलग लोगों से करीब 20 हजार रुपये नकद और एक स्क्रीन टच मोबाइल फोन लूटे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन के आधार पर बानो थाना में कांड संख्या 30/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पीड़ित और गवाहों से मिले हुलिए, संदिग्ध मोटरसाइकिल के विवरण तथा तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस टीम ने खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के पंचघाघ गांव में घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों में खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र के कातुद निवासी दाऊद नाग उर्फ कटेया (23), सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के मुटुदा निवासी कालीफ पूर्ति (22) और अड़की थाना क्षेत्र का 17 वर्षीय किशोर शामिल है। पुलिस ने दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि किशोर को बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार दाऊद नाग उर्फ कटेया के खिलाफ अड़की और दशमफॉल थानों में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में चार मामले दर्ज हैं। वहीं कालीफ पूर्ति के खिलाफ खूंटी थाना में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस मामले में आगे भी जांच कर रही है और लूट की घटना में बरामद सामान तथा आरोपियों की भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है।

Related Post