लातेहार। मनिका थाना क्षेत्र से 15 अगस्त से लापता 16 वर्षीय किशोर छोटू कुमार की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर बंशीनाला (कुमंडीह) जंगल से किशोर का कंकाल, स्कूल ड्रेस और चप्पल बरामद की गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और मृतक का मोबाइल फोन समेत तीन मोबाइल जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, किशोर के पिता कृष्णा प्रसाद ने मनिका थाने में अपने नाबालिग बेटे के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक लातेहार के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस के समक्ष घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने किशोर को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के बाद उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया था। किशोर द्वारा विरोध किए जाने पर उसे बंशीनाला स्थित जंगल में ले जाया गया, जहां कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को जंगल में छिपा दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेमचंद भुइंया (19) और शिवम भुइंया उर्फ श्याम (20) के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने जंगल में तलाशी अभियान चलाकर किशोर के अवशेष बरामद किए। पुलिस ने मौके से उसका स्कूल ड्रेस और चप्पल भी बरामद की है। घटना में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल (जेएच 19जी-5090) तथा मृतक का मोबाइल फोन समेत तीन मोबाइल जब्त किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

