लातेहार। लातेहार पुलिस ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य गुलगुलिया का रूप धारण कर गांव-गांव घूमते थे और इस दौरान बंद मकानों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही ताला तोड़कर घर में चोरी करने के बाद फरार हो जाते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक लातेहार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उनके निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया था। एसडीपीओ लातेहार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 17 सितंबर 2026 को लातेहार रेलवे स्टेशन के समीप से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में लातेहार की 18 वर्षीय शीतल कुमारी, बिहार के रोहतास निवासी 18 वर्षीय मार्गो खेरवार, लातेहार की 24 वर्षीय मनीषा देवी और लातेहार निवासी 18 वर्षीय बंटी कुमार उर्फ बड़े शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की छह बड़ी घटनाओं का खुलासा हुआ है। इन मामलों का संबंध लातेहार, चंदवा और बारियातू थाना क्षेत्रों से है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के सोने के आभूषणों में चेन, मंगलसूत्र, मांगटीका, जूतिया, अंगूठी और लॉकेट सहित अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी के आभूषण, एक लाख सात हजार 130 रुपये नकद और सात मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।

