चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चक्रधरपुर रेल मंडल में सिनी-राजखरसावां रेलखंड के अप और डाउन लाइन पर ट्रैक रिन्यूवल ट्रेन (टीआरटी) मशीनों से कार्य कराने के लिए 24 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को 5.30 घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान टाटानगर से होकर चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन पर सीधा असर पड़ेगा। रेलवे ने मेगा ब्लॉक को देखते हुए कई ट्रेनों को रद्द करने, कुछ ट्रेनों को आद्रा तक सीमित करने और कुछ ट्रेनों का मार्ग बदलकर चलाने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मंगलवार को राजखरसावां से सिनी के बीच डाउन लाइन पर तथा शुक्रवार को सिनी से राजखरसावां के बीच अप लाइन पर टीआरटी मशीनों के लिए मेगा ब्लॉक रहेगा। डाउन लाइन का ब्लॉक 24 नवंबर से शुरू होकर 12 जनवरी 2027 तक प्रत्येक मंगलवार को निर्धारित है, जबकि अप लाइन का ब्लॉक 27 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को रहेगा।
मेगा ब्लॉक के कारण टाटानगर-चक्रधरपुर क्षेत्र में चलने वाली कई मेमू ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों पर रद्द किया जाएगा। इनमें 68127/68125 चक्रधरपुर-टाटानगर/टाटानगर-बदामपहाड़ मेमू, 68126/68128 बदामपहाड़-टाटानगर/टाटानगर-चक्रधरपुर मेमू, 68003/68004 टाटानगर-गुवा/गुवा-आदित्यपुर मेमू, 68044/68043 राउरकेला-टाटानगर-राउरकेला मेमू, 68019/68020 आदित्यपुर-गुवा-आदित्यपुर मेमू और 68137/68138 टाटानगर-चाईबासा/चाईबासा-टाटानगर मेमू शामिल हैं। इन ट्रेनों का परिचालन नवंबर से जनवरी के बीच ब्लॉक वाले दिनों के अनुसार प्रभावित रहेगा।
इसके अलावा टाटानगर-नई दिल्ली एक्सप्रेस और टाटानगर-एनआईटीआर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ेगा। 12021/12022 हावड़ा-बड़बिल हावड़ा एक्सप्रेस, 18109/18110 टाटानगर-एनआईटीआर-टाटानगर एक्सप्रेस, 12767/12768 नेद-दुर्ग-संतरागाछी एक्सप्रेस तथा 20821/20822 पुणे-संतरागाछी एक्सप्रेस को भी निर्धारित तिथियों पर रद्द किया जाएगा। हावड़ा-केबीजे एक्सप्रेस का परिचालन भी ब्लॉक के दौरान प्रभावित रहेगा।
18011 हावड़ा-आद्रा-चक्रधरपुर एक्सप्रेस को आद्रा तक चलाया जाएगा और वहीं से वापस भेजा जाएगा। वहीं 18012 चक्रधरपुर-आद्रा-हावड़ा एक्सप्रेस की सेवा आद्रा-चक्रधरपुर-आद्रा के बीच रद्द रहेगी।
रेलवे ने 18478 योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस को भी निर्धारित तिथियों पर परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन आईबी-झारसुगुड़ा-सम्बलपुर-सीटीसी होकर चलेगी और टाटानगर से होकर जाने वाले निर्धारित मार्ग के बजाय इस वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करेगी। वहीं 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस को भी कुछ तिथियों पर टाटानगर से बचाते हुए कांद्रा-सिनी मार्ग से चलाया जाएगा।
मेगा ब्लॉक के कारण यात्रियों को नवंबर से जनवरी तक प्रभावित तिथियों पर अपनी यात्रा की योजना बनाते समय ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी रेलवे से लेने की सलाह दी गई है।

