Breaking
Sat. Sep 12th, 2026

मोतीलाल नेहरू विद्यालय में वार्षिक अंग्रेजी वाग्मिता कला प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग

जमशेदपुर। मोतीलाल नेहरू विद्यालय के सभागार में शनिवार को वार्षिक अंग्रेजी वाग्मिता कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने कविता पाठ, भाषण प्रस्तुति और विचार अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास तथा भाषा कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि विकसित करने के साथ सही उच्चारण, लेखन एवं पठन क्षमता, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था। विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षा के साथ तकनीक का समन्वय करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बताया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सैक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की पूर्व छात्रा तथा वर्तमान में तारापोर स्कूल में अंग्रेजी विषय की विशेषज्ञ और एडो वाइब्स की मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वाती कंबोज तथा दयानंद पब्लिक स्कूल की कुमकुम भट्टाचार्या शामिल थीं। कुमकुम भट्टाचार्या को अंग्रेजी अध्यापन का 23 वर्षों का अनुभव है और उन्होंने बोर्ड की संयोजिका के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। दोनों निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उच्च स्तर के आत्मविश्वास और रचनात्मक अभिव्यक्ति की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अखिलेश दुबे, महासचिव लल्लन प्रसाद राय, प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य, प्राचार्या संगीता सिंह, उपप्राचार्या राखी मित्रा, उत्कृष्टता विभाग की उपप्राचार्या बिन्दु आहूजा, संयोजिका स्मिता मजूमदार, पिंकू कुमारी और इंद्राणी भौमिक सहित अंग्रेजी विभाग के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों की वाग्मिता कला को निखारने के लिए विद्यालय में अलग-अलग कक्षाओं के अनुसार विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। तीसरी और चौथी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए सामूहिक काव्य पाठ, पांचवीं और छठी कक्षा के लिए एकल काव्य पाठ, सातवीं और आठवीं कक्षा के लिए एकल काव्य पाठ, नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए भाषण प्रतियोगिता तथा ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए विचार-वक्तव्य प्रस्तुति आयोजित की गई।

सामूहिक काव्य पाठ वर्ग में प्रथम स्थान तीसरी कक्षा ‘सी’ के टीम टाइटेनिया और द्वितीय स्थान तीसरी कक्षा ‘बी’ के टीम पिक्सी ने प्राप्त किया। पांचवीं-छठी कक्षा के एकल काव्य पाठ में छठी ‘ए’ के आरव उपाध्याय प्रथम, पांचवीं ‘सी’ की दृष्टि राय द्वितीय और छठी ‘ए’ की शताक्षी तिवारी तृतीय रहीं। सातवीं-आठवीं कक्षा के एकल काव्य पाठ में आठवीं ‘सी’ की आराध्या सृष्टि प्रथम, सातवीं ‘सी’ के स्वस्तिक द्वितीय और सातवीं ‘सी’ की शुभश्री इंद्रा तृतीय स्थान पर रहीं।

नौवीं-दसवीं कक्षा की भाषण प्रतियोगिता में दसवीं ‘बी’ के स्वर्णित शौर्य ने प्रथम, दसवीं ‘ए’ के श्रीजन श्री ने द्वितीय और दसवीं ‘सी’ की आकृति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ग्यारहवीं-बारहवीं कक्षा की विचार-वक्तव्य प्रस्तुति में बारहवीं ‘ए’ की एरियाना उपाध्याय प्रथम, बारहवीं ‘ए’ के प्रियांशु पात्रो द्वितीय और बारहवीं ‘बी’ की तनुश्री डे तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता की शानदार प्रस्तुतियों ने सभागार में उपस्थित सभी लोगों को प्रभावित किया।

Related Post