Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

सरायकेला-कांड्रा मुख्य सड़क पर दर्दनाक हादसा, 14 वर्षीय अमन की मौत, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया जाम

कांड्रा। सरायकेला-कांड्रा मुख्य सड़क पर राजबांध के समीप शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय अमन अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर मुख्य सड़क जाम कर दी। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार अमन अंसारी सिनी के कमलपुर का रहने वाला था। उसका भाई राजबांध क्षेत्र के एक गैरेज में काम करता है। शनिवार को अमन अपने भाई से मिलने गैरेज पहुंचा था। भाई ने उसे पानी लाने के लिए कहा, जिसके बाद वह पानी लेने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अमन सड़क पर गिर पड़ा। इसी बीच पीछे से आ रहे छोटे हाथी वाहन की चपेट में वह आ गया। वाहन के नीचे आने से अमन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और छोटे हाथी वाहन को जब्त कर लिया है। दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

इधर, अमन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर सरायकेला-कांड्रा मुख्य सड़क पर आवागमन रोक दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। सड़क जाम के कारण काफी देर तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

Related Post