Breaking
Sat. Sep 12th, 2026

जेपीएससी-जेएसएससी में गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, उपायुक्त को सौंपा तीन सूत्री ज्ञापन

चाईबासा। जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितता तथा छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में भाजपा ने शनिवार को चाईबासा में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। सर्किट हाउस से शुरू हुआ भाजपा कार्यकर्ताओं का जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे और नियुक्ति परीक्षाओं में पारदर्शिता, छात्रों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने तथा उनकी मांगों पर सरकार से निर्णय लेने की मांग कर रहे थे। उपायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद प्रदर्शन सभा में बदल गया। प्रदर्शन के उपरांत भाजपा नेताओं ने तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला प्रभारी विनय जायसवाल ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन नियुक्ति परीक्षाओं की विश्वसनीयता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के सवालों का जवाब मुकदमों और प्राथमिकी से नहीं, बल्कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था से दिया जाना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि रोजगार की उम्मीद में गरीब परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई पर वर्षों तक मेहनत और पैसा खर्च करते हैं। ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी का असर छात्रों के साथ उनके परिवारों पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि जांच में किसी अधिकारी, बिचौलिए या गिरोह की संलिप्तता सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और जेपीएससी-जेएसएससी समेत सभी नियुक्ति परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जेबी तुबिद ने सरकार से छात्रों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने कहा कि झारखंड के युवा अपना अधिकार मांग रहे हैं, भीख नहीं। रोजगार की मांग करने वाले युवाओं पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है।

सभा को मालती गिलुआ और विजय गागराई ने भी संबोधित किया। मौके पर महामंत्री भूषण पाट पिंगुआ, चंदन झा, सनी पासवान, हेमंत केसरी, तीरथ जामुदा, अंजन प्रधान, रानी बंदिया, गुल्लू कुमार, राकेश पोद्दार, राकेश शर्मा, चंद्र मोहन तिऊ और रूपा सिंह दास समेत विभिन्न मंच-मोर्चा एवं मंडल अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। भाजपा नेताओं ने कहा कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर तेज किया जाएगा। इसके तहत चक्का जाम और बंद जैसे कार्यक्रम भी किए जा सकते हैं।

Related Post