Breaking
Mon. Sep 7th, 2026

रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा तीज महोत्सव, रानी गुप्ता के नेतृत्व में महिलाओं ने बिखेरी संस्कृति की छटा

जमशेदपुर। हरियाली तीज के अवसर पर साकची स्थित कैना लाइट होटल में महिलाओं के लिए भव्य तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय भ्रष्टाचार नियंत्रण एवं जन कल्याण संगठन तथा सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति लिमिटेड, झारखंड के संयुक्त प्रयास से आयोजित समारोह में महिलाओं ने नृत्य, गीत और एकांकी की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं की मौजूदगी से पूरा आयोजन तीज के उल्लास और उमंग से सराबोर नजर आया।

समारोह का शुभारंभ जमशेदपुर के एसपी ऋषभ तिवारी, भाजपा नेत्री मीरा मुंडा, समाजसेविका पूर्वी घोष और प्राचार्य डॉ. आरती रिझावन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भगवान गणेश की मनमोहक वंदना प्रस्तुत की गई। गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम में आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक रंग का सुंदर समागम देखने को मिला।

अतिथियों ने अपने संबोधन में तीज पर्व को भारतीय संस्कृति और महिलाओं के उत्साह से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा सामने लाने के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

महोत्सव में शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। शिक्षाविद् डॉ. किशोर ओझा, डीआर सौम्या समेत पत्रकारों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों को शॉल, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों की निरंतरता जरूरी है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। महिलाओं ने विभिन्न गीतों और नृत्यों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि एकांकी के जरिए महिला सशक्तीकरण, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंजता रहा।

इस पूरे आयोजन में समाजसेविका रानी गुप्ता की अहम भूमिका रही। राष्ट्रीय भ्रष्टाचार नियंत्रण एवं जन कल्याण संगठन की उपनिदेशिका और सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति लिमिटेड की अध्यक्ष रानी गुप्ता के नेतृत्व में कार्यक्रम की तैयारियां की गईं। स्वागत संबोधन में उन्होंने कहा कि तीज महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच देने के साथ आपसी मेलजोल और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की उपाध्यक्ष नीतू सिंह, पदाधिकारी सविता देवी और संध्या रानी समेत अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। समारोह का संचालन डॉ. श्याम शर्मा ने किया, जबकि नीतू सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अतिथियों, कलाकारों, महिलाओं और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

आयोजकों ने कहा कि महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा, सामाजिक जागरूकता और भारतीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखे जाएंगे। तीज महोत्सव के समापन तक महिलाओं में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा और उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना की।

Related Post