Breaking
Sun. Oct 18th, 2026

आसांगी चेकडैम में डूबे दोनों युवकों के शव बरामद, एक ही हादसे में दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसांगी चेकडैम में रविवार को नहाने के दौरान डूबे दोनों युवकों के शव सोमवार को बरामद कर लिए गए। हादसे में बंतानगर निवासी 18 वर्षीय सोनू लोहार और मीरुडीह निवासी शुभम शर्मा की मौत हो गई। लगातार तलाश के बाद एनडीआरएफ की टीम ने दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, सोनू लोहार और शुभम शर्मा रविवार को आसांगी चेकडैम पहुंचे थे। दोनों नहाने के लिए नदी में उतरे थे, इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से वे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया।

काफी मशक्कत के बाद सोनू लोहार का शव वास्तु विहार के समीप नदी से बरामद किया गया। वहीं, शुभम शर्मा की तलाश में जुटी एनडीआरएफ टीम जब वापस लौट रही थी, उसी दौरान डैम से करीब 500 मीटर की दूरी पर उसका शव नजर आया। टीम ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के हवाले किया।

आसांगी चेकडैम पर लगातार हो रही डूबने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस वर्ष अब तक यहां डूबने से सात युवकों की जान जा चुकी है। इनमें आदित्यपुर-2 के रोड नंबर 11 और 21 के दो युवक, एस-टाइप और कल्पनापुरी के दो युवक तथा एनआईटी के एक छात्र की मौत शामिल है। अब दो और युवकों की जान जाने से मृतकों की संख्या और बढ़ गई है।

प्रशासन की ओर से चेकडैम के पास चेतावनी बोर्ड लगाकर लोगों को गहरे पानी में नहीं उतरने की हिदायत दी गई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में युवक यहां नहाने पहुंचते हैं और तेज बहाव तथा गहरे पानी के खतरे को नजरअंदाज कर देते हैं। लगातार हो रही मौतों के मद्देनजर स्थानीय लोगों ने चेकडैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Related Post