Breaking
Mon. Sep 7th, 2026

पत्नी और बेटी को वापस दिलाने की गुहार लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचा ऑटो चालक, युवक पर मारपीट का आरोप

जमशेदपुर। बागबेड़ा निवासी ऑटो चालक सागर ने अपनी पत्नी और बेटी को वापस दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। सागर का आरोप है कि उसकी पत्नी टीएमएच में काम करती है और आने-जाने के दौरान एक युवक के संपर्क में आई। आरोप है कि उक्त युवक उसकी पत्नी को अपने साथ लेकर चला गया है।

सागर के मुताबिक, उसने मामले की शिकायत बागबेड़ा थाने में की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को वह ऑटो से एक सवारी को सोनारी ले जा रहा था। इसी दौरान टीएमएच के बगल वाली गली में कथित आरोपी युवक अपने कुछ साथियों के साथ मिल गया। सागर का आरोप है कि सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसके चेहरे और सीने पर कई जगह चोटें आई हैं।

घटना के बाद सागर अन्य ऑटो चालकों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की। उसका कहना है कि वह अपनी पत्नी और बेटी को वापस चाहता है। सागर ने आरोप लगाया कि उसे शिकायत करने और पत्नी-बेटी का पीछा नहीं छोड़ने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी जा रही है।

सागर का यह भी आरोप है कि उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर पुलिस के समक्ष यह बयान दिलवाया गया कि वह अपनी बेटी पर बुरी नजर रखता है। उसने इस आरोप को पूरी तरह गलत बताया है। इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post