Breaking
Mon. Sep 7th, 2026

हॉस्टल में चोरी करने पहुंचे युवकों ने संचालक समेत तीन पर किया चाकू से हमला एक आरोपी पकड़ा गया, दो फरार, घायल संचालक अस्पताल में भर्ती

बोकारो:- बोकारो के चीराचास थाना क्षेत्र स्थित क्रिएटिव बॉयज हॉस्टल में रविवार रात चोरी करने पहुंचे तीन अज्ञात युवकों ने हॉस्टल संचालक समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में संचालक रजत कुमार और दो स्टाफ घायल हो गए। रजत कुमार के कान के पास, बांह और जांघ में चाकू लगा है। गंभीर चोट के कारण उन्हें रात में ही मेडिकेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने छोटी सर्जरी की सलाह दी। हॉस्टल मैनेजर कुलदीप कुमार सिंह के अनुसार, वारदात से पहले हॉस्टल का सालाना मीटिंग एवं काउंसलिंग कार्यक्रम पांडेपुर के पास आयोजित हुआ था। कार्यक्रम के बाद सभी हॉस्टल लौटे तो परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे का तार कटा मिला। गेट खोलने पर अंदर से तीन युवक निकलते दिखे। रोकने का प्रयास करने पर युवकों ने चाकू से हमला कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद भाग रहे युवकों में से एक को पकड़ लिया गया, जबकि दो फरार हो गए। सूचना पर चीराचास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर घटना से जुड़े सुराग जुटा रही है।

Related Post