Breaking
Mon. Sep 7th, 2026

सोशल मीडिया दुष्प्रचार के पीछे सुनियोजित साजिश, सरयू राय ने बन्ना गुप्ता पर लगाए गंभीर आरोप

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से शहर में अपराध और राजनीति के कथित बदलते समीकरणों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल कर आपराधिक घटनाओं से उनका नाम जोड़ने और उनकी राजनीतिक छवि खराब करने की सुनियोजित कोशिश की जा रही है। राय ने आरोप लगाया कि फेक अकाउंट के जरिए तथ्यहीन पोस्ट और प्रचार सामग्री प्रसारित की जा रही है।

सरयू राय ने पूर्व सहयोगी रहे निखार सबलोक और हरेराम सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों करीब डेढ़ वर्ष पहले उनसे अलग हो चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निखार ने 2024 के विधानसभा चुनाव में उनके लिए काम किया था, लेकिन बाद में उनके संपर्क में नहीं रहा। निखार की हत्या के बाद उसके आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कथित संबंधों को उनके साथ जोड़ना गलत है।

राय ने कहा कि उन्होंने निखार को जमीन पर कब्जे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि में सहयोग करने से स्पष्ट इनकार कर दिया था। इसके बाद दोनों के बीच दूरी बढ़ गई थी।

उन्होंने निखार सबलोक हत्याकांड में गिरफ्तार अशोक सिंह राघव के मोबाइल की रिकॉर्डिंग की जांच और उसे सार्वजनिक करने की मांग की। राय का दावा है कि राघव के मोबाइल में कई महत्वपूर्ण बातचीत रिकॉर्ड हैं, जिनमें पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता से कथित बातचीत भी शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन रिकॉर्डिंग से शहर में राजनीतिक और आपराधिक गिरोहों के बीच कथित संबंधों की तस्वीर सामने आ सकती है।

सरयू राय ने भाजपा नेता अमित शर्मा को कथित तौर पर गाली और धमकी दिए जाने की रिकॉर्डिंग का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि बातचीत में बन्ना गुप्ता का नाम कई बार आया है और इसकी रिकॉर्डिंग साकची थाना पुलिस को सौंपी गई है। राय ने कहा कि वह जल्द मुख्यमंत्री से मिलकर जमशेदपुर की स्थिति और इन मामलों से जुड़े आरोपों पर चर्चा करेंगे।

Related Post