Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

बागबेड़ा की गोल्डेन ज्वेलरी दुकान में चोरी का खुलासा, 1.5 किलो चांदी के जेवर के साथ दो गिरफ्तार

जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डेन ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण समेत चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और अन्य सामान बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सीटी एसपी ललित मीणा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 19 अगस्त की रात करीब दो से तीन बजे के बीच अज्ञात अपराधियों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अपराधी दुकान से बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण और दो वजन करने वाली मशीनें लेकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गाड़ाबासा निवासी गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट 38 वर्ष और कोवाली निवासी गोप उर्फ सुगली के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 36 चांदी के लॉकेट, 134 अंगूठियां, छह मंगलसूत्र, 11 पान पत्ता, नौ पायल, 15 मोतियों की माला, तीन चांदी की चेन, 13 राखियां, दो चांदी के सिक्के, एक बाजूबंद, चार जोड़ी कान के टॉप्स और चांदी के अन्य सामान बरामद किए हैं। इसके अलावा लक्ष्मी गणेश की छह मूर्तियां, शंखा पोला, कड़े और टूटे हुए चांदी के सामान भी मिले हैं। बरामद चांदी का कुल वजन करीब 1.5 किलो बताया गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो वजन मशीन, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, एक बड़ा बोल्ट कटर और लोहे का सब्बल भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार दुकान का ताला तोड़ने में बोल्ट कटर और सब्बल का इस्तेमाल किया गया था।

पुलिस ने बताया कि दुकान के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के तहत विशेष क्यूआर कोड भी लगाया गया था। इसके बावजूद चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

Related Post