चाईबासा: सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में डीएवी स्पोर्ट्स 2026 के तहत राज्य स्तरीय वुशु चैंपियनशिप का सोमवार को उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय यह प्रतियोगिता 24 एवं 25 अगस्त को विद्यालय परिसर में आयोजित की जा रही है। इसमें 10 संकुलों के 26 डीएवी विद्यालयों से अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के कुल 271 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें 73 बालिकाएं और 198 बालक शामिल हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य-सह-एआरओ ओपी मिश्रा, समाजसेवी सुरेश प्रसाद सिंह, पर्यवेक्षक के रूप में डीएवी गुआ के प्राचार्य प्रवीण कुमार तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इसके पश्चात स्वागत गीत, ध्वजारोहण, डीएवी गान, मार्च पास्ट एवं शपथ ग्रहण का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायी गीत से पूरा वातावरण उत्साह और जोश से भर गया। वहीं झारखंड वुशु संघ की टीम ने गोकुलानंद मिश्र के निर्देशन में वुशु का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
वुशु चीन की प्राचीन मार्शल आर्ट और आधुनिक लड़ाकू खेल है। इसे कुंग-फू का आधुनिक एवं प्रतियोगी रूप भी कहा जाता है। इसमें खिलाड़ी खाली हाथ के साथ-साथ तलवार, भाला और लाठी आदि के माध्यम से विभिन्न तकनीकों एवं शारीरिक कौशल का प्रदर्शन करते हैं।
प्रधानाचार्य-सह-एआरओ ओपी मिश्रा ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना मजबूत होती है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 26 डीएवी विद्यालयों से आए खिलाड़ियों एवं खेल अधिकारियों की मौजूदगी से विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के साथ ही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन, साहस और खेल भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।

