चाईबासा: चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की 16वीं वार्षिक आम सभा रविवार को स्थानीय पिल्लई टाउन हॉल में आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ चाईबासा चेंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं आजीवन ट्रस्टी सह चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, चेंबर अध्यक्ष संजय चौबे, आजीवन ट्रस्टी सह निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजीव खिरवाल एवं दुर्गेश खत्री, सचिव नीरज संदवार, संयुक्त सचिव विवेक कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष मुकेश पोद्दार, चाईबासा नगर परिषद उपाध्यक्ष सह कार्यकारिणी सदस्य विकास शर्मा एवं अनुमंडलीय उपाध्यक्ष गोपाल खिरवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
चेंबर अध्यक्ष संजय चौबे ने स्वागत संबोधन में कहा कि व्यवसायी हित सर्वोपरि रहेगा और व्यापार एवं उद्योग का विकास चाईबासा चेंबर की प्राथमिकता होगी। संगठन व्यवसायियों की समस्याओं को मजबूती से उठाने तथा उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
सभा में उपाध्यक्ष राजीव खिरवाल एवं दुर्गेश खत्री, निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल तथा पूर्व अध्यक्ष सह नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने भी अपने विचार रखे।
*जल्द सरल होगी खासमहाल लीज की प्रक्रिया : मधुसूदन अग्रवाल*
मधुसूदन अग्रवाल ने कहा कि व्यवसायियों से जुड़ी खासमहाल लीज की प्रक्रिया जल्द ही सरल एवं पूर्ण होगी। चेंबर व्यवसायियों की सुविधाओं और हितों को लेकर आगे भी सक्रिय रूप से कार्य करता रहेगा।
*अगले वर्ष चेंबर का अपना भवन होने की उम्मीद : नितिन प्रकाश*
नितिन प्रकाश ने कहा कि वे चाईबासा चेंबर की भवन समिति के सभापति हैं और उम्मीद है कि अगले वर्ष चाईबासा चेंबर का अपना भवन होगा। उन्होंने कहा कि अपना भवन संगठन की दीर्घकालिक जरूरतों और गतिविधियों को मजबूती देगा।
उन्होंने शहरवासियों से चाईबासा को स्वच्छ रखने में नगर परिषद का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखने में नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
*सचिव ने प्रस्तुत किया वार्षिक प्रतिवेदन*
चेंबर सचिव नीरज संदवार ने सत्र 2025-27 के प्रथम वर्ष में संगठन की ओर से किए गए कार्यों एवं गतिविधियों का विस्तृत वार्षिक प्रतिवेदन सदन के समक्ष रखा। कोषाध्यक्ष मुकेश पोद्दार ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि चेंबर के कोष में 18,80,655 रुपये के शुद्ध लाभ के साथ कुल 60,45,520 रुपये की राशि जमा है।
विभिन्न उपसमितियों के संयोजकों ने भी वर्षभर किए गए कार्यों एवं गतिविधियों का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
*कोटक महिंद्रा बैंक ने दी सेवाओं की जानकारी*
वार्षिक आम सभा के आंशिक प्रायोजक कोटक महिंद्रा बैंक की ओर से शाखा प्रबंधक इकबाल खान, संदीप कुमार एवं उनके सहयोगियों ने बैंक की विभिन्न सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी।
*खुले सत्र में सदस्यों ने रखे सुझाव*
भोजनावकाश के बाद आयोजित खुले सत्र में आशीष पाड़िया, माधव झुनझुनवाला, सुनीत खिरवाल एवं दीपक प्रसाद ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न एवं सुझाव रखे। संजय चौबे ने सभी सुझावों को सुनते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
सदस्यों ने चाईबासा की तर्ज पर चक्रधरपुर में भी खुदरा का वितरण करने तथा शहर में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। इसके बाद चेंबर के संविधान की धारा 13(H) के तहत वार्षिक आम सभा की कार्यवाही एवं प्रस्तावों की संपुष्टि सदस्यों ने की।
कार्यक्रम के अंत में संयुक्त सचिव विवेक कुमार सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने आम सभा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सदस्यों, पदाधिकारियों, अतिथियों, प्रायोजकों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
इसके बाद इस वर्ष असामयिक निधन हुए चेंबर के सदस्य स्वर्गीय सुषमा अग्रवाल एवं स्वर्गीय संजय कुमार वर्मा की आत्मा की शांति के लिए उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में चाईबासा चेंबर के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, विभिन्न उपसमितियों के संयोजक सहित कुल 242 सदस्य तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

