चाईबासा: कोल्हान के सेरेंगसिया कोल विद्रोह के महान योद्धा वीर शहीद सरदार पोटो हो के बलिदान को सम्मान देने की पहल शुरू हो गई है। चाईबासा में विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों ने जिला समाहरणालय परिसर में वीर शहीद पोटो हो की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की मांग उठाई है। इसे लेकर रविवार को सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
आदिवासी हो समाज युवा महासभा, आदिवासी हो समाज सेवानिवृत्त संगठन, आदिवासी हो समाज महासभा, मानकी-मुंडा संघ और आदिवासी उरांव समाज संघ समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा, सिंहभूम सांसद जोबा मांझी सहित जिले के सभी विधायकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने डीसी ऑफिस परिसर में पोटो हो की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने के लिए आवश्यक पहल और सहयोग की मांग की।
आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष इपिल सामड ने कहा कि वीर शहीद पोटो हो ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। जिला समाहरणालय परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित होना पूरे कोल्हान के लिए गौरव की बात होगी। इससे आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और बलिदान की जानकारी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना केवल एक स्मारक बनाने का विषय नहीं है, बल्कि कोल्हान के इतिहास, वीरों के संघर्ष और उनके बलिदान को सम्मान देने की पहल है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और प्रशासन से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा है।
*प्रतिमा स्थापना में सहयोग का भरोसा*
कैबिनेट मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा ने प्रतिमा स्थापना की मांग का स्वागत करते हुए कहा कि कोल्हान की माटी के सपूत वीर शहीद पोटो हो की प्रतिमा स्थापित करने की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में जो भी उचित और संभव सहयोग होगा, वह स्वयं तथा जिले के सभी विधायक और सांसद मिलकर करेंगे।
*इन जनप्रतिनिधियों को सौंपा ज्ञापन*
प्रतिनिधिमंडल ने दीपक बिरुवा, सिंहभूम सांसद जोबा मांझी, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, मझगांव विधायक निरल पूर्ति, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू और मनोहरपुर विधायक जगत मांझी को ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा झामुमो, भाजपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्षों, उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर चाईबासा और सदर अंचल अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को भी ज्ञापन देकर प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया गया।
*प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल*
प्रतिनिधिमंडल में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष इपिल सामड, महासचिव गब्बर सिंह हेंब्रम, केंद्रीय संयुक्त सचिव रवि बिरुली, आदिवासी हो समाज महासभा के कोषाध्यक्ष चैतन्य कुंकल, आदिवासी हो समाज सेवानिवृत्त संगठन के अध्यक्ष रमय पूर्ति, सचिव चंद्र मोहन बिरूवा, बोंज देवगम, रामेश्वर सवैया, रामसिंह होनहागा, मानकी-मुंडा संघ कोल्हान पोड़ाहाट के केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा, महासचिव चंदन होनहागा, आदिवासी उरांव समाज संघ के उपसचिव लालू कुजूर, पंकज खलखो, विष्णु मिंज, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा, ओयवन हेंब्रम और सुरेंद्र पूर्ति समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

